70 फीट गहरे कुएं में गिरे तेंदुए को वन विभाग अमले ने सुरक्षित निकाला बाहर

नीमच। जिले की जावद तहसील के ग्राम मोरवन के पास बसेड़ी भाटी रावला बीड़ा क्षेत्र में एक किसान के खेत पर बने 70 फीट गहरे कुएं में एक तेंदुआ गिर गया।
तेंदुए को रविवार सुबह पिंजरे के सहयोग से सुरक्षित निकाल कर स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद गांधीसागर के जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे जब किसान खेत पर पहुंचा तो उसे कुएं से किसी जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी।
किसान के द्वारा झांककर देखने पर तेंदुआ अंदर दिखाई दिया। इस पर किसान ने ग्रामीणों एवं वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने से असफलता मिली।
इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सुबह होते ही वन विभाग का अमला रेस्क्यू में लग गया और सुबह करीब नौ बजे पिंजरे का उपयोग कर तेंदुए को बाहर निकाला गया। साथ ही पशु स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा तेंदुए का स्वास्थ्य प्रशिक्षण कराया गया।
स्वस्थ पाये जाने के बाद तेंदुए को गांधीसागर के जंगल में छोड़ा गया है।
वन विभाग के बीट प्रभारी अशोक बैरागी ने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर जंगली जानवर शिकार की तलाश में गहरी खाई, कुएं में गिर जाते हैं। ऐसा ही बसेड़ी भाटी में देखने को मिला। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है।

 

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत

डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल मार्ग के ग्राम सुकुलपुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना मिलते ही गाड़ासरई पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गाड़ासरई थाना प्रभारी वेदराम हनोते ने बताया […]