उज्जैन। शिप्रा नदी में डूबने से मौतों का सिलसिला लगातार जारी है।
शिप्रा नदी में भोपाल के युवक की डूबने से मौत हो गयी।
मृतक सुबह ही छह दोस्तों के साथ उज्जैन आया था और सीधे नहाने के लिए सिद्ध आश्रम घाट पहुंच गया था।
गौरतलब हैं कि एक दिन पहले भी नानाखेड़ा निवासी युवक भूखी माता मंदिर घाट पर डूब गया था।
महाकाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
महाकाल पुलिस ने बताया कि अमित कुंडे उम्र 19 वर्ष निवासी पिपलानी भोपाल अपने छह अन्य दोस्तों के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन करने के लिये आया था। यहां सभी दोस्त शिप्रा नदी में स्नान करने के लिये रामघाट पहुंचे थे।
सिद्ध आश्रम घाट पर नहाने के दौरान अमित गहरे पानी में चला गया, जहाँ उसकी डूबने से मौत हो गयी।
मृतक के दोस्तों ने उसे डूबते देखकर काफी शोर मचाया। मगर अल सुबह होने से तैराक घाट पर मौजूद नहीं थे।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं तैराक मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकाला।
मृतक 10वीं कक्षा का छात्र था।
मृतक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि सभी एक ही मोहल्ले में रहते हैं। मृतक अमित के चार भाई-बहन है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। सभी अपने-अपने घरों पर दर्शन का कहकर ही आये थे।
12 घंटे के अंदर शिप्रा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो चुकी है। एक दिन पहले ही शाम करीब साढ़े चार बजे नानाखेड़ा निवासी हेमंत अकोदिया की भूखी माता मंदिर घाट पर शिप्रा नदी में डूबने से मौत हो गयी थी।
11 जून को भी गुजरात के सुरत निवासी 15 वर्षीय किशोर की सिद्ध आश्रम घाट पर ही नहाने के दौरान डूबने से मौत हो चुकी है।
कुल मिलाकर इस महीने चार लोगों की डूबने से मौत हो गयी है |