इंदौर। रविवार सुबह प्रदेश के दोनों पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एवं कमलनाथ इंदौर पहुंच कर बाणगंगा स्थित बाणेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
भगवा ब्रिगेड भाजपा से चुनावी बिसात पर टक्कर के लिये कांग्रेस भी बहुसंख्यक हिंदुओं का समर्थन जुटाने में पीछे नहीं रहना चाहती। रविवार दिग्विजय सिंह एवं कमलनाथ इंदौर पहुंचे और कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा बाणेश्वर कुंड पर आयोजित रुद्राभिषेक महोत्सव में शामिल हुये। उन्होंने यहां भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा विधानसभा एक में तीन स्थानों पर श्रावण माह में रुद्राभिषेक आयोजित किया जा रहा है। 21 दिन के इस धार्मिक उत्सव में दो स्थानों पर आयोजन हो चुका है और अब तीसरे स्थान के रूप में बाणेश्वर कुंड पर शनिवार से आयोजन शुरू हुआ।