उज्जैन। जिला मुख्यालय में स्थित भैरवगढ़ जेल के प्रहरी पर धारदार हथियार से स्कूटी सवार के द्वारा हमला किया गया।
आरोपियों के वाहन की पहचान हो गयी है।
पुलिस के मुताबिक, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
भैरवगढ़ थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि भैरवगढ़ निवासी मंगल उईके जेल प्रहरी है। कल रात 12 बजे से उनकी ड्यूटी थी और वह अपनी ड्यूटी पर आ रहा था। इस दौरान जब वह जेल चौराहे पर पहुंचा। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो बदमाश मंगल के पास आये और उस पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसका गाल कट गया। हमला करने के बाद दोनों बदमाश कालभैरव मंदिर की ओर भाग निकले। उसने शोर मचाया लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। चौराहे पर स्थित पुलिस चौकी पर मौजूद पुलिस ने तत्काल घायल मंगल को अस्पताल लेकर गये जहां उसके गाल पर टांके लगाये गये।
सूचना के बाद भैरवगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस को घायल ने बताया कि वह आरोपियों को नहीं पहचानता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के वाहन नंबर का पता लगा लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी। संभवत: जेल में हुए किसी विवाद के चलते यह हमला हुआ है।