भोपाल। सूबे के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखायी।
इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया।
इस फाइनल ट्रायल रन में ट्रेन ने 20 मिनट 10 सेकंड में 4 किमी का सफर तय किया।
करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से मेट्रो ट्रैक पर चली। सभी स्टेशनों का काम पूरा होने के बाद दिल्ली से सेफ्टी टीम आयेगी और निरीक्षण करेगी।
दिल्ली की टीम से हरी झंडी मिलने के बाद अगले साल मई-जून तक कमर्शियल रन यानी आम लोगों के लिये मेट्रो चलने लगेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मेट्रो यहीं नहीं रुकेगी। इसका विस्तार कर मंडीदीप भी ले जायेगे, जरूरत पड़ी तो सीहोर और विदिशा भी ले जायेगे। शिवराज ने कहा कि मैं बचपन से भोपाल आता था। पहले यहां तांगा चलता था। पहले छोटा सा भोपाल था। तांगे वाला भोपाल था। तांगे से आगे बढ़े तो भट्ट सूअर (टेम्पो) आये। इसके बाद छोटे ऑटो आये। टैक्सियां चलीं। फिर स्मार्ट बस चलीं। अब हम सफर तय कर रहे हैं तांगे से लेकर मेट्रो तक का।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि पहले लोग हमारा मजाक उड़ाते थे कि कहां मेट्रो चलेगी, लेकिन जो हमने कहा था, वो किया। गड्ढों वाला मध्यप्रदेश मेट्रो वाला हो गया है। मेट्रो में कार वाला, दोपहिया वाला भी सफर करेगा। ये सभी को एक समान बना देगी।