यूनेस्को ने ग्वालियर को दिया सिटी आफ म्यूजिक का दर्जा

ग्वालियर। संगीत सम्राट तानसेन की नगरी ग्वालियर को यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन) ने 55 क्रिएटिव शहरों की सूची में स्थान दिया है।
भारत के दो शहरों को इस सूची में शामिल किया गया है।
ग्वालियर को क्रिएटिव सिटी ऑफ म्यूजिक तो केरल के कोझिकोड शहर को क्रिएटिव सिटी ऑफ लिटरेचर का खिताब मिला है।
ग्वालियर को यह उपलब्धि संगीत की विरासत के लिये मिली है। ग्वालियर के बेहट में संगीत सम्राट तानसेन का जन्म हुआ था। यहां संगीत के प्रसिद्ध घराने हैं। देश का ख्याति प्राप्त संगीत समारोह भी यहां हर साल दिसंबर में होता है।
मंगलवार को यूनेस्को ने क्रिएटिव सिटीज (रचनात्मक शहरों) के नेटवर्क की सूची जारी की थी।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। ‘सिटी ऑफ म्यूजिक’ बनने वाला ग्वालियर भारत का तीसरा शहर है।
यूनेस्को ने इससे पहले 2016 में वाराणसी को यह दर्जा दिया था। 2017 में चेन्नई को चुना गया था। इस श्रेणी में विश्व में पहला शहर स्पेन के सविल को चुना गया था।
ग्वालियर का नाम यूनेस्को की सिटी ऑफ म्यूजिक लिस्ट में शामिल हो, इसके लिए इसी वर्ष जून में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने प्रस्ताव भेजा था। इसमें ग्वालियर घराने, तानसेन एवं बैजू बावरा का जिक्र था।
सिंधिया राजघराना भी ग्वालियर के संगीत घरानों और कलाकारों को बढ़ावा देता रहा है।
ग्वालियर को सिटी ऑफ म्यूजिक घोषित करने के बाद यूनेस्को इसकी ब्रांडिंग करेगा। यूनेस्को की वेबसाइट पर दुनिया की हेरिटेज जगहों को दिखाया जाता है। इसके अंतर्गत आर्ट, म्यूजिक, क्राफ्ट, लिटरेचर, फूड के लिये प्रसिद्ध शहरों को प्रदर्शित किया जाता है।
अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टूरिस्ट प्लानिंग में ग्वालियर को शामिल किया जायेगा। दूसरे देशों के प्रतिनिधि जब हमारे देश में आयेगे तो उनके टूर प्लान में भी ग्वालियर को जोड़ा जा सकता है। इससे ग्वालियर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

 

Next Post

पत्थर से कुचल कर प्रेमिका की हत्या के बाद फांसी पर झूला युवक

खरगोन। जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के बेरछा में एक युवक ने युवती का पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों के अनुसार दोनों में प्रेम प्रसंग था। पुलिस के अनुसार बुधवार को सुनील पिता मोहन ने गांव की ही युवती […]