बांधवगढ़ में झाड़ियों में छिपी बाघिन के हमले में एक महिला की मौत, एक घायल

उमरिया। जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर के चंसुरा बीट में बाघिन के हमले में एक महिला की मौत हो गई। वही, एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना के समय मौके पर पांच महिलाएं थीं जिसमें से तीन महिलाएं बाल-बाल बच गईं हैं।
घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतक महिला का नाम भूरी बाई पति मिजाजी कोल बताया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाघिन भूरी बाई को अपने जबड़े में दबाकर जंगल में अंदर की तरफ भाग गई। जबकि गंभीर रूप से घायल तेरसी बाई कोल घटनास्थल पर ही पड़ी रही। घटना स्थल पर तीन अन्य महिलाएं बाघिन के हमले में बाल-बाल बच गई।
जानकारी के मुताबिक दोनों महिलाएं अन्य लोगों के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इसी बीच झाड़ियों में छिपी बैठी बाघिन ने हमला कर दिया। बाघिन ने पहले तेरसी बाई पर हमला किया था और बाद में उसने भूरी बाई को अपना शिकार बनाया। इसके बाद वह उसे अपने मुंह में भरकर जंगल के अंदर की तरफ भाग गई। भूरी बाई का शव घटना स्थल से थोड़ी दूर पर बरामद किया गया।
घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर गांव के लोग पहुंच गए हैं और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
इस घटना के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पार्क का अमला मौके पर पहुंच गया और जंगल के अंदर बाघिन को तलाश रहा है। घटना स्थल पर गांव के लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सभी इस घटना से भयभीत और आक्रोशित है।
बताया गया है कि महिलाओं पर हमला करने वाली बाघिन के साथ उसके दो शावक भी थे जिनकी उम्र लगभग एक सप्ताह से पन्द्रह दिन के बीच की बताई जा रही है। हालांकि शावकों की बताई जा रही उम्र बेहद कम है और अविश्वसनीय भी लग रही।
सामान्‍य तौर पर एक सप्ताह से पन्द्रह दिन के शावकों को बाघिन अपने साथ लेकर जंगल में विचरण नहीं करती है। शावकों के दो से तीन महीने के होने के बाद ही वह उन्हें जंगल में अपने साथ लेकर निकलती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जहां घटना हुई है संभवत: वहीं पर बाघिन ने अपने शावकों को जन्म दिया होगा। हालांकि अभी वन विभाग इस मामले को लेकर खुद भी कुछ ज्यादा ही असमंजस में है।

 

Next Post

रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में चार लोग दुघर्टनाग्रस्त

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 39 पेट्रोल पंप के अत्यधिक गति में चलती हुई कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर दूर जा गिरी। जानकारी के मुताबिक सिंगरौली के तरफ से बहरी की ओर आती हुई कार क्रमांक एमएच 04 डीएन 4326 तेज गति होने के कारण […]