सीधी। ऑनलाइन ठगी के साथ ही ऑफलाइन ठगी के लिए भी नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं।
सीधी में ठगी का नया स्केम शुरू किया गया है। इसमें महिलाओं को निशाना बनाते हुए शातिर ठग उनके आभूषण उतरवाकर चंपत हो जाते हैं।
शहर की कई महिलाएं इस ठगी का शिकार हो चुकी हैं, जिनमें से कुछ के द्वारा सिटी कोतवाली में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
बताया गया शातिर ठग नियमित रूप से मंदिर जाने वाली महिलाओं को चिन्हित करते हैं, उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि का पता लगाया जाता है, इसके बाद मंदिर जाते या लौटते समय किसी बहाने से उनसे बातचीत शुरू की जाती है, और फिर उनकी पारिवारिक समस्या को साझा करते हुए उसके निवारण की बात करते हैं। महिला जब झांसे में आ जाती है तो उसके आभूषण उतरवाकर चंपत हो जाते हैं।
पारिवारिक कष्ट दूर करने के लिए तरह तरह के झांसे देने के बाद महिलाओं के आभूषण उतरवा कर अपने पास रख लेते हैं, इसके बाद महिला को 21 कदम चलने के लिए कहा जाता है। महिला जब झांसे में आकर आभूषण ठग के हाथ में देने के बाद 21 कदम चलती है तो इधर ठग चंपत हो जाते हैं।
ठगी का शिकार हुई महिलाओं के अनुसार इस स्केम में दो युवक शामिल हैं, लेकिन वह अलग-अलग रहते हैं, और बातचीत के दौरान ही साथ में हो जाते हैं। वह अपने को हरिद्वार या अन्य किसी बड़े धार्मिक स्थल का होना बताते हुए परिवार के संकट दूर करने का झांसा देकर ठगी की घटना को अंजाम देते हैं।


