दमोह। जिले के बनवार थानांतर्गत हटरी गांव में एक मगरमच्छ का आतंक देखने को मिला। जहां व्यारमा नदी में शनिवार की सुबह अपने पिता के साथ नहाने के लिए गए एक आठ वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ नदी के अंदर खींच ले गया।
यह घटना इतनी जल्दी हुई कि बच्चे का पिता चाहकर भी अपने जिगर के टुकड़े को नहीं बचा पाया। नदी में काफी देर तक बच्चे की तलाश की गई।
इधर, एसडीआएफ की टीम मौके पर पहुंच कर बच्चे की तलाश में जुटी है।
बता दे कि जिस जगह शनिवार को घटना हुई, वहीं पास में ही शुक्रवार को भी एक मगरमच्छ ने 45 वर्षीय बबलू पटेल पर पर हमला किया था।
बनवार थाने से मिली जानकारी के मुताबिक हटरी में रहने वाला आठ साल का कृष्णा अपने पिता अर्जुन लोधी के साथ सुबह-सुबह नहाने के लिए व्यारमा नदी गया था। पिता-पुत्र दोनों पास-पास ही नहा रहे थे। इसी दौरान शिकार की तलाश में घात लगाए बैठे एक मगरमच्छ ने कृष्णा पर हमला बोल दिया। यह हमला इतना तेज और शक्तिशाली था कि न तो कृष्णा की अपने बचाव में कुछ कर पाया और न ही उसके पिता अर्जुन को कुछ करने का मौका मिल पाया।
लाचार पिता की आंखों के सामने ही पल भर में मगरमच्छ कृष्णा को नदी की गहराई में ले जाकर खो गया। इस घटना के चलते गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी मिलने के बाद बनवार पुलिस, वनविभाग और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। नदी के पानी में बच्चे की तलाश जारी है, लेकिन अब तक न तो बच्चे का शव प्राप्त हो सका है और न ही अपने शरीर के अवशेष।
जिस जगह शनिवार को घटना हुई, वहीं पास में ही शुक्रवार को भी एक मगरमच्छ ने 45 वर्षीय बबलू पटेल पर हमला बोला था। बबलू नदी किनारे शौच के लिए गया था, इसी दौरान मगरमच्छ ने हमला कर उसके पैर को अपने जबड़े में पकड़ कर उसे नदी के अंदर खींचना शुरू कर दिया था। जिसके बाद बबलू ने तत्काल एक पेड़ को पूरी ताकत से पकड़ लिया जिससे मगरमच्छ उसके पैर का मांस तो खरोंच ले गया, लेकिन उसके प्राण बच गए। गंभीर रूप से घायल बबलू को इलाज के लिए दमोह के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
तेजगढ़ के डिप्टी रेंजर नेक नारायण खरे ने बताया कि गुढ़ा निवासी 45 वर्षीय बबलू पटेल को नदी किनारे शौच करते वक्त मगरमच्छ ने हमला बोल दिया था। अस्पताल पहुंचकर वन्य प्राणी क्षतिपूर्ति सहायता राशि एक हजार रुपये प्रदान करते हुए हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया है। वही, एसडीआरएफ की टीम नदी के पानी में बच्चे की तलाश कर रही है।


