पत्नी ने रची थी हत्या की साजिश, सहेली के प्रेमी को दी थी हत्या की सुपारी

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक महिला ने सहेली के प्रेमी को दस लाख की सुपारी देकर अपने पति ही को मौत के घाट उतरवा दिया। पति के मारपीट से परेशान पत्नी ने करीब तीन महीने पहले अपने पति की हत्या की साजिश बुनी थी। 18 अप्रैल को सहेली के प्रेमी ने घर पहुंचकर उसका मुंह दबाकर हत्या की और बाथरूम में सिर के बल टाइल्स पर गिराकर उसका सिर फोड़ दिया।
मौत के बाद पत्नी अपने पति के शव को लेकर अस्पताल पहुंची और पुलिस को बाथरूम में गिरने का कारण बताया, जिसके बाद पुलिस ने मामूली मर्ग की कायमी की। 21 दिन बाद जब मृतक की पीएम रिपोर्ट सामने आई तो पुलिस भी हक्की-बक्की रह गई, क्योंकि मृतक की मौत सिर पर चोट लगने से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी।
पिपलानी पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने दो दिन तक वारदात को नहीं कबूला, बाद में सभी साक्ष्य मिल जाने पर वारदात को स्वीकारा।
पुलिस ने पत्नी बिट्टी जार्ज, सहेली रेखा सहित उसके प्रेमी संजय पाठक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पिपलानी थाने के उप निरीक्षक संतोष रघुवंशी ने बताया कि 65 वर्षीय जार्ज कुरियन मूलत: केरल के रहने वाले थे। वह भेल से जनरल मैनेजर के पद से रिटायर थे और पटेल नगर में रहते थे। 14 वर्ष पहले उन्होंने 51 वर्ष की उम्र में 18 साल की बिट्टी नामक युवती से दूसरी शादी की थी। जबकि उनकी पहली पत्नी केरल में ही रहती थी। बीते कुछ वर्षों से जार्ज कुरियन अपनी पत्नी से मारपीट करता था, जिससे महिला परेशान रहती थी।
18 अप्रैल को बिट्टी जार्ज (32) ने संजय को रेखा के माध्यम से घर बुलवाया। बिट्टी ने जार्ज की आंखों में ड्राप डाला था और वह बेडरूम में सो रहे थे। तभी बिट्टी बाहर आ गई और संजय अंदर घुस गया। उसने जार्ज से मारपीट की और मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में उसे बाथरूम में सिर के बल टाइल्स पर गिरा दिया, जिससे उसका सिर फूट गया। तब तीनों ने चादर और तकिये से कमरे का खून साफ किया और उसे अस्पताल पहुंचाकर बाथरूम में गिरने से मौत की झूठी कहानी रची।
उप निरीक्षक संतोष रघुवंशी के मुताबिक मौत के बाद बिट्टी चार घंटे तक जार्ज के शव को घर में रखे रही।
आरोपी बिट्टी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसकी पति जार्ज अक्सर कहता था कि उसे किसी बाबा का आशीर्वाद प्राप्त है कि जब भी वह मरेगा तो चार घंटे बाद वापस जिंदा हो जाएगा। इसीलिए बिट्टी और उसके साथियों ने चार घंटे तक शव रखकर इतंजार किया कि कहीं वह वापस जिंदा न हो जाए। बाद में जार्ज के शव को अस्पताल ले गई।
जानकारी के मुताबिक जार्ज के मकान में रेखा सूर्यवंशी नामक महिला बेटे के साथ किराये से रहती है। उसके पति की मौत 2017 में हो गई थी, जबकि बेटा सागर कॉलेज में पढ़ाई करता है। रेखा का प्रेम प्रसंग सीहोर में रहने वाले संजय पाठक से था, जो कि आरटीओ एजेंट है। जार्ज रेखा को भी संजय से बात करने से रोकता था। इस प्रकार दोनों महिलाएं उससे प्रताड़ित थीं। करीब तीन महीने पहले दोनों महिलाओ ने जार्ज के मौत की साजिश रची। उन्होंने संजय को दस लाख की सुपारी दी, जिसमें करीब ढाई लाख रुपये एडवांस राशि के रूप में भी दिए थे। उन्होंने पहला हमला सीहोर क्षेत्र में जार्ज पर किया था। तब जार्ज किसी काम से रेखा के साथ सीहोर गए थे। तभी संजय ने हमला किया, लेकिन जार्ज किसी तरह बच गए थे। उन्हें आनंद नगर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था।

 

Next Post

ज्वेलरी शॉप की दीवार तोड़कर चोरी की वारदात, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस जुटी चोर के तलाश में

मंडला। जिले के महाराजपुर थानांतर्गत पदमी चौराहे पर स्थित मां गौरी ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। दुकान संचालक […]