मध्य प्रदेश में अपनी पार्टी के अंदर भाजपा के दोस्तों को ढूंढेगी कांग्रेस, पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर दगाबाज नेताओं से किनारा करेगी पार्टी

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। संगठन की मजबूती के लिए कांग्रेस पार्टी अब संगठन श्रृजन अभियान प्रारम्भ कर रही है। इस अभियान के अंतर्गत कांग्रेस के भीतर भाजपा के मित्रों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों को न तो भविष्य में कोई दायित्व मिलेगा और न ही चुनाव में इनकी कोई भूमिका रहेगी।
कांग्रेस ऐसे दगाबाज नेताओं से किनारा करेगी।
बता दे कि यह कार्य संगठन श्रृजन अभियान के अंतर्गत केंद्रीय पर्यवेक्षकों द्वारा तैयार की जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर होगा। इसके लिए पर्यवेक्षक स्थानीय कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे।
गौरतलब है कि राहुल गांधी गुजरात के अहमदाबाद में हुए पार्टी के अधिवेशन में ऐसे नेताओं से किनारा करने की बात कह चुके हैं।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव के समय प्रदेश में ऐसे कई नेताओं के नाम सामने आए थे, जो भाजपा का मित्र बनकर काम कर रहे थे। कुछ ने तो भाजपा की सदस्यता ले ली पर कुछ अब भी पार्टी में बने हुए हैं। ऐसे लोगों को संगठन श्रृजन अभियान के अंतर्गत चिह्नित किया जाएगा। इनकी ब्लॉक और जिलेवार सूची बनेगी और फिर यदि किसी के पास कोई दायित्व है तो उसे उससे मुक्त करके किनारा कर लिया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी के मुताबिक ऐसे ही लोग संगठन और चुनाव के समय पार्टी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। दिखाने के लिए ये लोग कांग्रेस के होते हैं, पर काम भाजपा के लिए करते हैं। यही कारण है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए पार्टी के अधिवेशन में ऐसे लोगों पर निशाना साधा था। केंद्रीय पर्यवेक्षकों को भी इस पर नजर रखने की हिदायत दी गई है।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने भी पार्टी से दगाबाजी करने वालों को चिह्नित करके कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। अनुशासन समिति के पास भी लगभग ढाई सौ प्रकरण लंबित है, जिन पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जो भी लोग पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं, उन लोगों को भी संगठन श्रृंजन अभियान के दौरान चिह्नित किया जाएगा, ताकि पार्टी ऐसे लोगों से सतर्क रहकर जनता की आवाज को और मजबूती के साथ उठा सके।

 

Next Post

पीएम नरेन्द्र मोदी ने मेट्रो रेल का किया शुभारंभ, मातृशक्ति को समर्पित रहा पहला मेट्रो रेल सफर

इंदौर। 14 साल पहले इंदौरवासियों ने प्रदेश की पहली मेट्रो इंदौर में शुरू होने का जो सपना देखा था, वो आज पूरा हो गया है। देवी अहिल्या की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजधानी भोपाल से इंदौर मेट्रो के कमर्शियल रन का वर्चुअल तरीके से बटन दबाकर उद्घाटन किया। […]