रीवा। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन छोटे यात्री वाहन पर ट्रक गिरने से और चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
बता दे की महज एक दिन पहले ही बुधवार की सुबह झाबुआ मे सीमेंट से लदा ट्रक इको वैन के ऊपर पलट गया था, जिसमे चार बच्चों सहित नौ लोग असमय ही काल के गाल में समा गए थे। वही, महज एक दिन बाद ही गुरुवार को रीवा जिले के सोहगी घाट में सीमेंट के पीलरो से लदा ट्रक एक सवारी ऑटो में पलट गया, जिसमे दो बच्चे सहित चार लोगो की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
ताजा जानकारी के मुताबिक रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र के सोहागी घाट में सीमेंट के पिलर से लदा एक बल्कर ट्रक ऑटो पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार दो बच्चों सहित चार लोगो की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक ऑटो में कुल 8 लोग सवार थे। वे सभी मऊगंज के नई गढ़ी के रहने वाले थे और प्रयागराज से गंगा स्नान कर लौट रहे थे। बल्कर भी प्रयागराज से रीवा की ओर आ रहा था। यूपी-एमपी के बॉर्डर पर सोहागी घाटी से गुजरते वक्त ट्रक ने ऑटो को ओवरटेक किया। इसी दौरान अनियंत्रित होकर वह ऑटो के ऊपर पलट गया।
अति. पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने बताया कि सोहागी घाटी में सीमेंट के पिलरो से लदा एक बल्कर ट्रक ऑटो पर पलट गया। हादसे में चार लोगो की मौत हो गई, इनमे दो बच्चे शामिल है। साथ ही चार लोग घायल हुए है। ये सभी नई गढ़ी जिला मऊगंज के रहने वाले है। घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया। चारों शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वही, हादसे के चलते सोहागी घाट से टोल प्लाजा तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिसे आधे घंटे की मशक्कत के बाद खुलवाया जा सका।


