मुरैना। 11वीं के एक छात्र ने खुद ही दो अनजान लोगों के साथ मिलकर अपने अपहरण की साजिश रच डाली। इसके बाद परिवार को इंस्टाग्राम पर कॉल करके 30 लाख रुपए मांगे। पुलिस ने छात्र को ग्वालियर से बरामद किया है। शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक अंबाह थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग 28 जुलाई को लापता हुआ था। परिजनो ने उसे काफी ढूंढा। जब वह कहीं नहीं मिला, तो उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके एक दिन बाद उसकी बहन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 30 लाख की फिरौती के लिए कॉल आया। इस कॉल के बाद पुलिस ने सर्चिग टीमें बनाकर तलाश शुरू की।
साइबर टीम भी एक्टिव हुई और अंबाह से लेकर मुरैना रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के सीसीटीवी खंगाले गए। बाद में ग्वालियर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी में नाबालिग स्टेशन पर बैठा दिखा। वह खुद ही अकेला अंबाह से ग्वालियर पहुंचा। इसके बाद काफी देर तक वहीं बैठा रहा। यहां ग्वालियर के ही दो युवकों बिट्टा और राहुल की इस पर नजर पड़ी। दोनों ने उससे पूछा- क्यों परेशान बैठे हो। हमको बताओ, हम दोनों तुम्हारी मदद करेंगे। थोड़ी देर बाद उसने इन दोनों युवकों से बातचीत की। इसी दौरान उसके दिमाग में इन युवकों के जरिए अपने फर्जी अपहरण का आइडिया आया। उसने बिट्टा और राहुल को अपना प्लान बताकर घरवालों से फिरौती मांगने पर उन्हें राजी कर लिया।
नाबालिग ने साजिश के तहत दोनों साथियों के साथ पहले मेडिकल स्टोर से नई पट्टी खरीदी। एक तौलिया लेकर बाद ग्वालियर किले की तलहटी में गए। अमूमन यहां कोई आता-जाता नहीं है। यहां उसके सिर पर पट्टी बांधी, फिर तौलिया से उसके हाथ बांधे गए।
इसके बाद इस तरह फोटो खींची गई, जिसे देखकर लगे कि नाबालिग का सच में किडनैप हुआ है। इसके बाद वह अपने दोनों साथियों के साथ बहोड़ापुर स्थित उनके घर पहुंचा। वहीं से खुद अपनी बहन के इंस्टाग्राम पर कॉल कर बिट्टा और राहुल के जरिए फिरौती मांगी।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि जब फिरौती का कॉल आया तो पुलिस ने इसे चैलेंज के रूप में लिया। बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मुरैना और ग्वालियर तक के सभी मुख्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। बड़ी लीड ग्वालियर स्टेशन पर अकेले बैठे छात्र के सीसीटीवी फुटेज से मिली।
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि छात्र ने दो अनजान लोगों के साथ मिलकर अपने अपहरण की साजिश रची। उसे भी आरोपी बनाएंगे। ग्वालियर से उसे लेकर लाए हैं। सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया है।


