जबलपुर। भारतीय किसान संघ के आह्वान में किसानों की समस्या और मांगो को लेकर सोमवार को पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जा रहा है।
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किसानो के द्वारा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इसके लिए किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाल कर प्रदेश भर के जिलाधीश कार्यालयों में पहुंचे।
वही, राजधानी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिल पर सभी से संवाद की बात कही है।
इधर, संस्कारधानी जबलपुर में किसान कृषि उपज मंडी से ट्रैक्टर रैली निकालकर घंटाघर पहुंचें और अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
रैली को देखते हुए पुलिस ने घंटाघर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री धनंजय पटेल ने बताया कि दोपहर 12 बजे किसान कृषि उपज मंडी में एकत्रित हुए और सभा के बाद ट्रैक्टर रैली कृषि उपज मंडी से शुरू होकर दमोह नाका, रानीताल, यातायात चौक, तीन पत्ती चौक और नौदरा ब्रिज से होती हुई घंटाघर पहुंची। इसके बाद कलेक्ट्रेट में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त किया गया।
ज्ञापन में किसानों ने मांग किया कि लैंड पूलिंग एक्ट को तत्काल वापस लिया जाए।
यूरिया और डीएपी सहित खाद की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
खाद-बीज की काला बाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
धान, गेहूं, मूंग और उड़द का रुका हुआ भुगतान किसानों को तुरंत दिया जाए।
गेहूं 2700 रुपए और धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जाए।
जिले में तीन साल से अधिक समय से पदस्थ कृषि विभाग के अधिकारियों का ट्रांसफर हो और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।


