शहपुरा(डिण्डौरी)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत शिवशक्ति चौक चौगान ग्राम करौंदी स्थित प्राचीन देवी मढ़िया परिसर में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का सोमवार को विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति हुई।
कथा का वाचन पौराणिक पंडित शुकदेव द्विवेदी शास्त्री जी धनुआसागर वाले महाराज द्वारा किया गया। उन्होंने लगातार नौ दिनों तक देवी की महिमा और विभिन्न चरित्रों का विस्तार से वर्णन कर भक्तों को धर्म, भक्ति और सत्य मार्ग अपनाने का संदेश दिया।
सप्तमी, अष्टमी और महानवमी के अवसर पर ओमकारा दल द्वारा प्रस्तुत भव्य महाआरती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महाआरती में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलित कर भाग लिया और जयकारों से चौक गुंजायमान कर दिया।
समापन अवसर पर समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर नृत्य किया। वहीं, अष्टमी को गरबा-डांडिया नृत्य का आयोजन भी किया गया। ग्राम की देवी स्वरूपा बेटियों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे देखकर पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
बेटियों की प्रस्तुति से प्रसन्न होकर पौराणिक पंडित शुकदेव द्विवेदी शास्त्री जी सहित ग्रामीणों ने प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया।
नवरात्रि पर्व कार्यक्रम के दौरान मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गई, महाआरती संपन्न हुई और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालुओं ने ग्राम की सुख-समृद्धि एवं सबके मंगल की कामना की।


