खरगोन। जिले के सनावद थाना क्षेत्र में कुएं में डूबने से नवजात सहित तीन बच्चों की मौत हो गई।
सनावद थाना पुलिस के मुताबिक डेहरिया निवासी कालू सिंह अपने परिवार के साथ 8-10 दिनों से मलगांव में बलिराम भमोरिया के खेत में मजदूरी कर रहा था। बुधवार सुबह कालू काम पर गया था। घर में उसकी पत्नी नानी बाई अपने तीन बच्चों अर्जुन (4.5 वर्ष), करण (2.5 वर्ष) और 20 दिन के नवजात बच्चे के साथ थी।
सुबह ग्रामीणों को सूचना मिली कि नानी बाई और तीनों बच्चे कुएं में गिर गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर कुएं में रस्सी फेंकी और नानी बाई को जीवित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तब तक तीनों बच्चे पानी में डूब चुके थे।
घटना की जानकारी मिलने पर पिता कालू मौके पर पहुंचे। सनावद पुलिस बल भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों के शवों को करीब 11 बजे कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सनावद सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।


