सागर। घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
कलेक्टर संदीप जीआर के सख्त निर्देशों के बाद जिले के खुरई में राजस्व, खाद्य और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 8 अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 17 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) खुरई मनोज चौरसिया के नेतृत्व में नगर के विभिन्न होटल, भोजनालयों और चाय की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान टीम ने पाया कि कई दुकानदार सस्ते दर पर मिलने वाले घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कामों में कर रहे थे।
प्रशासनिक टीम ने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान कुल 8 प्रतिष्ठानों से 17 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर मौके पर ही जब्त कर लिए गए।
एसडीएम मनोज चौरसिया ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और इससे आम लोगों को गैस सिलेंडरों की किल्लत का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कलेक्टर के निर्देश पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और कालाबाजारी या अवैध उपयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार सोनी, खाद्य विभाग के विकास दुबे, प्रधान आरक्षक जोगेंद्र सिंह राजपूत, आरक्षक गोपाल वंशीवाल एवं स्थानीय पटवारी शामिल रहे।


