एसटीआर के लग्जरी रिजॉर्ट में वन्यजीव अंगों की अवैध प्रदर्शनी, वन विभाग ने दबिश देते हुए की कार्रवाई

नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई क्षेत्र स्थित प्रदेश के चर्चित और महंगे फोरसिथ लॉज रिजॉर्ट में वन्यजीवों के अवशेषों की अवैध प्रदर्शनी का मामला प्रकाश में आया है।
वन विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान रिजॉर्ट से चीतल के सींग, सेही के कांटे एवं सांप की केंचुली बरामद की है।
बुधवार को इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
एसटीआर के बागड़ा बफर के रेंजर विलास डोंगरे ने बताया कि 9 मार्च को इस 40 एकड़ में फैले आलीशान रिजॉर्ट में दबिश दी थी।
इस दौरान पाया गया कि रिजॉर्ट प्रबंधन ने विदेशी और वीआईपी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बिना अनुमति वन्यजीवों के अंगों को डिस्प्ले में रखा था।
वन विभाग की टीम ने चीतल के 4 सींग, सेही के 4 कांटे, सांप की 2 केंचुली मौके से बरामद की है।
वन विभाग के एसडीओ आशीष खोपरागढ़े के मुताबिक प्राथमिक जांच में रिजॉर्ट का मैनेजर मुख्य रूप से जिम्मेदार नजर आ रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। वन विभाग यह पता लगा रहा है कि ये अवशेष कितने पुराने हैं। इन्हें जंगल के किस हिस्से से लाया गया था।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में रिजॉर्ट मालिक की संलिप्तता पाई गई तो उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।

 

Next Post

देर से आने और जल्दी जाने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, विशेष छापामार कार्रवाई के दिए सीएम ने निर्देश

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को वल्लभ भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग को आदेश दिया कि सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक वल्लभ भवन, […]