रीवा। शहर के संजय गांधी अस्पताल में सीधी पुलिस के तीन जवानों की शर्मनाक करतूत सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान नशे में धुत नजर आ रहे हैं और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर अमर्यादित व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं।
इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक सीधी जिला जेल में बंद कैदी लल्लू साकेत पिता सोनाई साकेत, निवासी गोपालपुर की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। पहले उसे जिला अस्पताल सीधी लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया।
कैदी की सुरक्षा के लिए सीधी पुलिस लाइन से प्रधान आरक्षक उदयराज सिंह, आरक्षक मनीष तिवारी और सहा. उपनिरीक्षक नर्मदा प्रजापति को तैनात किया गया था।
बताया गया कि रविवार रात करीब 10 बजे तीनों पुलिसकर्मी कैदी को लेकर रीवा पहुंचे। इसी दौरान अस्पताल में मौजूद एक व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो में प्रधान आरक्षक उदयराज सिंह नशे की हालत में मरीज के बेड पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि आरक्षक मनीष तिवारी डस्टबिन में शौच करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी वर्दी उतारकर ड्रिप स्टैंड पर टांग दी, जो बेहद आपत्तिजनक है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब दो घंटे तक अस्पताल परिसर में यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश और असहजता का माहौल बन गया।
मामले में प्रभारी रक्षित निरीक्षक तरुण बेड़िया ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मी सीधी पुलिस लाइन में पदस्थ हैं और कैदी की सुरक्षा के लिए भेजे गए थे। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अन्य पुलिस बल को मौके पर भेजकर संबंधित जवानों को वापस बुला लिया गया है।


