जबलपुर। जबलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर करोड़ों रुपये की बंदरबांट का बड़ा मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी ने इस कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अब सीधा मोर्चा खोल दिया है।
पार्टी का आरोप है कि एक सिंडिकेट बनाकर सरकारी खजाने को चूना लगाया गया है।
जबलपुर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में फैले भ्रष्टाचार की परतें अब धीरे-धीरे खुलने लगी हैं।
आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ अधिकारी संजय मिश्रा और उनके सिंडिकेट ने भोपाल तक की कंपनियों के साथ मिलकर करोड़ों का घोटाला किया है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि संजय मिश्रा पिछले 6 सालों से एक ही पद पर जमे हुए थे, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने इस भ्रष्टाचार को अंजाम दिया।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा है।
पार्टी ने मांग की है कि जांच रिपोर्ट में दोषी पाए गए अधिकारियों के खिलाफ केवल पद से हटाना काफी नहीं है, बल्कि उन पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।


