जबलपुर पुलिस ने महिला तस्करी का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला गर्भवती है। उसे टीकमगढ़ में कुछ महीने पहले 1 लाख रुपए में 6 आरोपियों ने बेचा था। किसी तरह महिला टीकमगढ़ से भागकर जबलपुर पहुंची और गोरखपुर थाना पुलिस से शिकायत की। महिला की निशानदेही पर जबलपुर पुलिस ने 3 महिला और 3 पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस को अंदेशा है कि महिलाओं की खरीद-फरोख्त में यह ग्रुप अंतर्राज्यीय है। इनका नेटवर्क मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है।
जबलपुर के रामपुर में रहने वाली 22 साल की महिला दो महीने पहले लापता हो गई थी। परिजन की शिकायत पर पुलिस महिला की तलाश में जुट गई। इसी बीच पुलिस को जानकारी लगती है कि महिला का अपहरण किया गया है और उसे टीकमगढ़ में एक लाख रुपए में बेच दिया गया। महिला के अपहरण करने से लेकर उसे बेचने तक में 3 महिलाएं और 3 पुरुष के नाम सामने आते हैं। पूरे मामले को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने गंभीरता से लिया और फिर सीएसपी प्रतिष्ठा सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने जबलपुर और टीकमगढ़ में दबिश देते हुए 3 महिलाएं और 3 पुरुष को गिरफ्तार किया।