रतलाम। जिले के जावरा शहर के मच्छी भवन मैदान से हथियारों से लैस चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन पिस्टलें व नौ जिंदा राउंड (कारतूस) जब्त किए गए हैं।
पकड़े गए युवकों में दो युवक जावरा शहर के रहने वाले हैं, जबकि दो अन्य युवक उज्जैन जिले के खाचरौद नगर के रहने वाले हैं।
आरोपी हथियारों के साथ मैदान में क्यों जमा हुए थे, यह पता नहीं चल पाया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जावरा पुलिस को अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावरा शहर के पोस्ट आफिस के पीछे स्थित मच्छी भवन मैदान में कुछ संदिग्ध युवक बैठे हैं।
सूचना पर जावरा शहर पुलिस के दल ने वहां पहुंचकर घेराबंदी कर वहां बैठे 21 वर्षीय शोएब खान पिता खलील एहमद खान निवासी उदासी की बाड़ी ताल नाका जावरा, 24 वर्षीय शाजेब खान पिता रईस खान निवासी निवासी कमलीपुरा, भूरा खान पिता छोटे खान निवासी खाचरौद जिला उज्जैन व शोएब मेव पिता रफीक मेव उर्फ मामा निवासी खाचरोद को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास तीन पिस्टल व नौ जिंदा कारतूस पाए गए। पुलिस ने उनसे हथियार जब्त कर चारो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वे हथियार कहां से और किस लिए लाए थे, अभी उन्होंने यह नहीं बताया। उनसे पूछताछ की जा रही है।


