थाने व कार्यालयों के सामने से बेखौफ होकर निकल रहे ओवरलोड वाहन, तेज रफ्तार से दौड़ रहे रेत व गिट्टी से भरे बिना नंबर के डंपर

सीधी। शहर में बिना नंबर प्लेट के वाहन सडकों पर तेज गति से दौड़ते हुए देखे जा रहे हैं।
ऐसे वाहन कंडम होने के साथ ही आबादी वाले मार्गो से अंधी रफ्तार से गुजरते है, जिससे हादसे का अंदेशा बना रहता है। लेकिन पुलिस-प्रशासन के अफसर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करते। जिससे यह अव्यवस्था दिनों-दिन बढ़ती जा रही है।
रेत गिट्टी एवं निर्माण सामग्री ले जाने वाले डंपर चालक मनमानी पर उतारु है। बेलगाम गति से दौडने वाले ज्यादातर वाहनों में नंबर प्लेट ही नहीं रहती है, जिससे इनकी पहचान होना भी मुश्किल हो रही। नियमों को तोडने वाले वाहन चालक पुलिस के सामने से ही बेखौफ होकर निकलते हैं। कई बार दुर्घटना कर बिना नंबर के वाहन चालक मौके से भाग भी जाते हैं। बिना नंबर के वाहनों से रेत, गिट्टी,डस्ट आदि सामग्री सप्लाई की जा रही है।
बिना नंबर वाले डंपरों के पीछे एक तेज लाइट का बल्ब लगा दिया जाता और ये तेज गति से शहर के भीतर प्रवेश करते हैं। लाइट की वजह से पीछे से आने वाले वाहन चालक भ्रम की स्थिति में रहते हैं। वाहन के पीछे बल्ब जलने की वजह से वाहन चालकों को ओवरटेक करने में परेशानी होती है। नंबर प्लेट के अलावा वाहन के किसी भी हिस्से में नंबर नहीं लिखे रहते। सिर्फ दिखावे के लिए नंबर प्लेट लगाई जाती है। वाहनों के आगे भी नंबर प्लेट की यही स्थिति है। किसी वाहन की नंबर प्लेट टूटी दिखाई दे रही तो किसी की प्लेट पर मिट्टी लगी रहती है। जिससे हादसे के बाद पुलिस को वाहन की पहचान करना बेहद कठिनाई भरा होता है।
भवन निर्माण सामग्री विक्रेताओं का कहना है कि ये वाहन कोड वर्ड पर पहचानी जाती है। इन वाहनों में कंपनी का नाम अंग्रेजी में कोडवर्ड में लिखा होता है या फिर कंपनी के सारे वाहनों में एक ही अंग्रेजी या हिन्दी की शब्दावली रहती है, जिसे वाहनों में लिखा जाता है।
पुलिस व परिवहन विभाग की तरफ से परिवहन नियमों का पालन कराने के लिए तमाम अभियान चलाए जाते हैं। तब वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ कार्रवाई भी की जाती है। लेकिन ये अभियान सिर्फ औपचारिक बनकर ही रह जाते हैं। ऐसे में दुर्घटना होने पर वाहन चालक, मालिक और विभागों के अफसर सभी अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। ऐसे में हादसे की जिम्मेदारी किस पर आएगी। नागरिकों ने नगर सहित पूरे तहसील क्षेत्र में चल रहे इस तरह के वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की है। जिससे बड़े हादसे होने से रोका जा सके।

 

Next Post

सिंगरौली आरटीओ ने 7 वाहनों से वसूला 1 लाख 10500 का जुर्माना, खुटा चौकी क्षेत्र में किया वाहनों का जांच पड़ताल

सिंगरौली। जिला परिवहन अधिकारी ने पुलिस चौकी खुटार क्षेत्र में वाहनों को गहन जांच किया। जहां 7 वाहनों के पास दस्तावेज न होने पर 1 लाख 10500 रूपये का जुर्माना वसूल करते हुये वाहनों को सुरक्षार्थ पुलिस चौकी में खड़ा कराया है। जब्त वाहनों में 3 स्कूली वैन शामिल है। […]