डीजल डालकर पत्नी को जिन्दा जलाया, आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस

DR. SUMIT SENDRAM

बुरहानपुर। जिले के लालबाग थाना क्षेत्र के गांव बहादरपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। उसने पत्नी पर डीजल डालकर आग लगा दी। महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक ज्योति (33) और उसके पति अरुण का दो दिन से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह भी दोनों में झगड़ा हुआ और अरुण ने ज्योति को आग के हवाले कर दिया।
आग से गंभीर रूप से झुलसी ज्योति को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि, आरोपी पति मौका देखकर फरार हो गया।
महिला के परिजन ने आरोप लगाया है कि पति अरुण आए दिन ज्योति के साथ मारपीट करता था। उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच सोमवार रात से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपी पति ने पत्नी को रसोई में बंद करके आग लगा दी। घटना के समय आरोपी की मां और उनकी दो बेटियां घर पर मौजूद थीं। आरोपी एक तेल कारोबारी के यहां वाहन चालक है और परिवार का खेती-किसानी का भी काम है।
वहीं, ज्योति मूल रूप से जैनाबाद की रहने वाली थी। उसकी शादी बहादरपुर में हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र पांच और छह साल बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
लालबाग थाना प्रभारी अमित जादौन ने बताया कि सूचना मिली थी कि पति ने पत्नी को जला दिया है। पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद हो चुके थे। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बहादरपुर के सरपंच प्रतिनिधि विजय उमाले ने बताया कि पड़ोस में मौजूद ज्योति की देवरानी ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे वह भी झुलसने से बाल-बाल बची।

 

Next Post

एनएच-30 पर भीषण सड़क हादसे में खड़े कंटेनर से टकराया ट्रैक्स क्रूजर, 03 की मौत, 12 घायल

मैहर। जिले के नेशनल हाईवे 30 पर नादन में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्स क्रूजर (एमपी 20 जेडवाई 2807) में करीब 20 लोग सवार थे। ये सभी कटनी से प्रयागराज गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। तभी ग्राम तिलोरा के पास हाईवे पर […]