छात्रावास में केंद्रीय मंत्री के हाथ लगी कच्ची रोटियां, गुणवत्ता पर उठे सवाल

DR. SUMIT SENDRAM

निवाड़ी। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने जिले के पृथ्वीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से छात्रावास परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सीधे छात्रावास की मेस में पहुंचे, जहां छात्राओं के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं रोटियां उठाकर देखीं। इस दौरान कुछ रोटियां कच्ची पाई गईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद रसोइए को सख्त नसीहत देते हुए कहा कि छात्राओं को अपनी बेटियों की तरह समझें और उन्हें घर जैसा पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा की।
उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर बिजली, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
छात्राओं ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक के समक्ष रखे।
केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया।
इस दौरान पृथ्वीपुर नगर परिषद की अध्यक्ष नीलू केशव खटीक सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक के इस औचक निरीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसकी क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।
स्थानीय लोगों ने मंत्री की पहल की सराहना करते हुए छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जताई है।

 

Next Post

आधी रात को सुनार की दुकान का टूटा ताला, लाखों के जेवरात व नगदी लेकर बदमाश हुए चंपत

सिंगरौली। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इसकी ताजा बानगी सामने आई बरगवां थाना क्षेत्र में, जहां आधी रात को करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एक सुनार की दुकान पर धावा बोल दिया और लाखों का माल चुराकर फरार हो गए। बदमाश शटर तोड़कर ज्वेलरी शॉप […]