उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरु साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में उज्जैन के फ्रीगंज स्थित गुरुद्वारे में आयोजित कीर्तन दरबार में सहभागिता कर मत्था टेका एवं सभी को शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रदेश व देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस दौरान सीएम ने कहा कि जब-जब इस देश को चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, तब-तब हमारी गुरु परंपरा ने हमारी संस्कृति को धन्य किया है। यह हमारा सौभाग्य है कि हमारी मानवता, हमारे धर्म की रक्षा के लिए सारे कष्टों की पराकाष्ठा सहते हुए गुरु परंपरा ने भारत माता का मस्तक कभी झुकने नहीं दिया।
मकर संक्रांति का पावन पर्व चल रहा है। हमने इस बार की मकर संक्रांति के पर्व को पूरे सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है और इस बार की मकर संक्रांति महिला सशक्तिकरण पर आधारित है, इसी क्रम में हमने लाड़ली बहनों के खाते में पैसे भी डाले हैं।

