जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा रेल मंडल की सीमा में आने वाले करीब 300 रेलवे स्टेशन और तीन हजार किमी लंबे (अप-डाउन) रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए फेंसिंग लगाने का काम जल्द शुरू किया जायेगा।
जबलपुर रेलवे मंडल के करीबन 500 किमी लंबे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए दीवार की जगह फेंसिंग लगाई जाएगी। अप-डाउन मिलाकर करीब एक हजार किमी लंबी फेंसिंग लगाई जानी है, जिसके लिए जबलपुर रेल मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने काम भी शुरू कर दिया है। फिलहाल, ट्रैक के दोनों ओर रेलवे की जमीन काे चिंहित किया जा रहा है।
जबलपुर रेल मंडल के इटारसी से लेकर मानिकपुर, कटनी से लेकर बीना, कटनी से लेकर सिंगरौली और सतना से रीवा के बीच करीब 500 किमी का रेलवे ट्रैक है। इसमें ही करीब 100 से ज्यादा रेलवे स्टेशन भी आते हैं।
पश्चिम मध्य रेल के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिम मध्य रेल के कोटा डिवीज़न में मुख्य लाइन सुरक्षित करने का कार्य चल रहा है, जो करीब 90 फिसदी पूरा हो चुका है। इसके बाद जबलपुर एवं भोपाल मंडल में कार्य शुरू होना है, जो जल्द ही प्रारम्भ किया जायेगा।

