विदिशा। जिले के कुरवाई तहसील के उमरछा गांव में एक 18 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या करने के दूसरे दिन बुधवार को बवाल हो गया। नाराज लोगों ने धर्म विशेष के लोगों के बाहर बनी झोपड़ियों में और कुछ वाहनों में आग लगा दी। गांव में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी भी मौके पर पहुचे।
जानकारी के मुताबिक एक दिन पूर्व मंगलवार दोपहर को एक युवती ने अपने घर में चुन्नी से फांसी लगा ली, साथ ही उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी।
परिजनों का दावा है कि घटना के समय लड़की घर में अकेली थी। उसके भाई ने बताया कि जब वह घर पहुंचा, तो मुबारक खान को घर से भागते हुए देखा।
जब अंदर जाकर देखा तो बहन फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। कुरवाई पुलिस ने इस मामले में मार्ग कायम किया था।
बुधवार को सुबह के समय परिजनों ने आरोपी पर प्रकरण कायम करने ओर गिरफ्तारी की मांग को लेकर युवती का शव लेकर गंजबसौदा पहुंचे और यहां चक्काजाम का प्रयास किया।
अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार किया। इसी के बाद भीड़ ने धर्म विशेष के लोगों के घरों पर पथराव कर दिया।
घरों के सामने रखी एक बाइक और कार जला दी। वहीं मवेशी बांधने की लिए बनाई झोपड़ियों में आग लगा दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधीक्षक काशवानी के मुताबिक गांव में 70 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया है। उन्होंने बताया कि परिजनो की शिकायत पर मुबारक खान को गिरफ्तार कर लिया है।

