नौकरी के नाम पर पुणे की महिला से 3.20 लाख की ठगी, 5 राज्यों से जुड़ा है फर्जीवाड़े का नेटवर्क

DR. SUMIT SENDRAM

बालाघाट। देश में तेजी से फैल रहे नौकरी के नाम पर ठगी के रैकेट का एक और मामला प्रकाश में आया है। इस बार शिकार बनी हैं महाराष्ट्र के पुणे शहर की एक शिक्षित महिला, जिससे 3 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की गई।
ये ठगी सरकारी नहीं, बल्कि निजी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर की गई, जिससे यह साफ हो गया कि गिरोह का जाल अब सिर्फ सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रहा।
जिले की भरवेली पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है।
जांच में पता चला कि पीड़िता से ली गई राशि का लेन-देन वारासिवनी स्थित एक कियोस्क सेंटर के जरिये हुआ है।
पुलिस ने कियोस्क संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है और उस चैन को खंगालने में जुटी है, जिससे ठगों तक पहुंचा जा सके।
जांच में यह भी स्पष्ट हो गया है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। फर्जीवाड़े के तार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और महाराष्ट्र से जुड़े हुए हैं। यह संगठित गिरोह विभिन्न राज्यों में सक्रिय है और बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देकर लाखों रुपये ठग रहा है। गिरोह की रणनीति काफी शातिर है, वे पहले भरोसे में लेते है, फिर इंटरव्यू या दस्तावेज भेजने की प्रक्रिया दिखाकर किस्तों में रकम ऐंठते है।
पुणे की पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसे पुणे में ही एक निजी कंपनी में टाइपिस्ट की नौकरी का झांसा दिया गया था। नौकरी की प्रक्रिया पूरी करवाने के नाम पर उससे 3.20 लाख रुपये ठग लिए गए। जब काफी समय तक जॉइनिंग नहीं मिली और फोन बंद होने लगे, तब उसे शक हुआ और वह पुलिस के पास पहुंची।
भरवेली थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पुणे में दबिश भी दी। वहां पीड़िता के बयान लिए गए हैं और उसके पति से भी जानकारी एकत्र की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य पीड़ितों तक पहुंचने और ठगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

 

Next Post

नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ, मोटरसाइकिल जागरूकता रैली को एसपी वाहनी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

डिंडोरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले “नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मारव्या ने भी आमजन को नशे से […]