इंदौर। महानगर के नवलखा इलाके में तीन इमली के पास सोमवार सुबह खड़ी 5 बसों में एक एक करके भीषण आग लगने के बाद सनसनी फैल गई। आग इतनी भयावह थी कि, इसकी लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक धिखाई दे रही थीं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान एक के बाद एक 4 धमाके भी सुनाई दिए। ये गैस सिलेंडर फटने के जैसी आवाज थी। फिलहाल, इसकी अबतक इसकी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि यहां यात्री बसें पार्क की जाती हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी के चलते संबंधित बस में वेल्डिंग की जा रही थी। यहीं किसी कारण से बस ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में लपटें एक के बाद एक पांच बसों तक पहुंच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय मौके पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आनन-फानन में सभी बसों को उनके स्थान से हटाया गया। हालांकि, जबतक संबंधित बस के नजदीक खड़ी पांच बसों ने भी आग पकड़ ली थी।
वहीं, आसपास रिहायशी बस्ती होने की वजह से लोगों में सनसनी फैल गई। इलाके के लोग घरों से बाहर निकलकर सड़क पर खड़े हो गए।
मामले को लेकर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया का कहना है कि, हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मामले में अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसपर उचित कार्रवाई की जाएगी।


