छतरपुर। जिले के अमरपुरा गांव में मंगलवार को बिजली का खंभा सुधारते समय एक आउटसोर्स कर्मी हादसे का शिकार हो गया।
करंट लगने से वह करीब 20 से 25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सटई थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।
बताया गया कि दयाशंकर पटेल (29) बिजली लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े था। इसी दौरान अचानक करंट लग गया। करंट लगने से दयाशंकर अपना संतुलन खो बैठा और सीधे जमीन पर आ गिरा। गिरने की ऊंचाई ज्यादा होने से उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे में दयाशंकर पटेल के दोनों पैर टूट गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के मुताबिक दयाशंकर की स्थिति फिलहाल स्थिर है। हालांकि दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उसे लंबे इलाज की जरूरत पड़ेगी।
घायल कर्मी और उनके साथियों ने विद्युत कंपनी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि स्थायी लाइनमैन की कमी के चलते आउटसोर्स कर्मचारियों से जोखिम भरे काम कराए जाते हैं।
कर्मियों का आरोप है कि काम के दौरान उन्हें सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड ग्लव्स या हेलमेट जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में हर बार जान जोखिम में डालनी पड़ती है।
आउटसोर्स कर्मचारियों ने कहा कि नौकरी बचाने और काम पूरा करने की मजबूरी में उन्हें खंभों पर चढ़ना पड़ता है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से खतरा हमेशा बना रहता है।
कर्मियों ने साफ कहा है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई, तो आगे भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।
इस घटना के बाद विभागीय जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।


