मध्य प्रदेश में “स्कूल चले हम” अभियान, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया शुभारंभ

भोपाल। बुधवार को “स्कूल चले हम” अभियान के तहत टीटी नगर स्थित सांदीपनी विद्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव का शुभारंभ किया।
इस दौरान डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब छात्र निजी स्कूलों की बजाय सरकारी स्कूलों की ओर रुख कर रहे हैं, जो शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। ड्रॉपआउट की संख्या के अंतर को जीरो कर दिया गया है। यह इस साल की सबसे बड़ी उपलब्धि है। वहीं, नए नामांकन में 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि इसी क्रम में कल करीब 4 लाख साइकिलों का वितरण किया जाएगा, ताकि छात्रों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि पढ़ें-लिखें आगे बढ़ें, भविष्य में जहां तक अपने पंख लेकर उड़ना चाहें, उड़ें।
उन्होंने कहा कि हमने स्कूली बच्चों, विशेषकर छात्राओं के लिए स्कूटी योजना भी लागू की है। इसके अलावा, सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 76,000 शिक्षकों की नियुक्ति भी की है। सरकार का लक्ष्य इस वर्ष लगभग 1 करोड़ 45 लाख बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है, जिससे प्रदेश में शिक्षा का स्तर और अधिक सुदृढ़ हो सके।