काली बनकर नृत्य कर रहा युवक मंच पर गिरा और थम गई सांसें, हार्ट अटैक से हुई मौत

उमरिया। जिले के जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पठारी में चैत्र नवरात्रि के मौके पर आयोजित कलश विसर्जन कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब खुशियों और भक्ति के बीच एक युवक की अचानक मौत हो गई।
गांव के रहने वाले रामगरीब कोल (40) काली माता का रूप धारण कर पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दे रहे थे। बैंड बाजे की गूंज और भक्तों की भीड़ के बीच उनका प्रदर्शन पूरे जोश में चल रहा था। लोग उनकी प्रस्तुति को देखकर भाव-विभोर हो रहे थे, तभी अचानक मंच पर ही वे लड़खड़ाए और देखते ही देखते जमीन पर गिर पड़े।
पहले तो लोगों को लगा कि यह भी प्रस्तुति का हिस्सा है, लेकिन जब वह कुछ देर तक नहीं उठे तो अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने और उठाने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, परंतु प्राथमिक जानकारी में ही उनकी मृत्यु की पुष्टि हो गई। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात को मौत का कारण बताया है। इस घटना के बाद जहां कुछ देर पहले तक भक्ति और उत्साह का माहौल था, वहीं अचानक सन्नाटा पसर गया।
बताया जा रहा है कि रामगरीब कोल गांव में धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और हर साल काली नृत्य की प्रस्तुति देते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार ही नहीं, पूरा गांव स्तब्ध है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी और दुख दोनों जाहिर कर रहे हैं।

 

Next Post

पुलिस से पिस्टल छीनकर फायरिंग कर भागने की कोशिश, पुलिस ने आसिफ बम का किया शॉर्ट एनकाउंटर

भोपाल। शहर के अशोकागार्डन थाना इलाके में मामूली विवाद पर होटल मालिक की धारदार हथियार से हत्या कर फरार हुए मुख्य आरोपी आसिफ बम का पुलिस ने शहर के रातीबड़ इलाके में शॉर्ट एनकाउंटर कर दिया है। बताया गया कि आरोपी और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई है। जवाबी […]