वेतन नहीं मिलने से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी अपनी जान, बहन और दोस्त को भेजा मैसेज, कंपनी मालिक पर गंभीर आरोप

धार। वेतन नहीं मिलने और कथित प्रताड़ना से परेशान एक निजी कंपनी के एरिया मैनेजर ने आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से ठीक पहले युवक ने अपनी बहन और दोस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर पूरी बात लिखी थी।
जांच में सुसाइड नोट सामने आने के बाद पुलिस ने कंपनी मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतक रजत भोपे खाद-बीज की कंपनी ब्लू व्हेल सीड्स में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसे कई महीनों से वेतन नहीं मिला था और कंपनी मालिक द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
बता दें कि धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम डेहरी में 17 मार्च की मध्यरात्रि को 27 वर्षीय रजत भोपे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और गांव में उसकी छवि सरल और स्वाभिमानी युवक के रूप में थी।
बताया जा रहा है कि रजत ने पहले अन्नी सीड्स कंपनी में करीब तीन साल तक काम किया था और एक साल पहले ही ब्लू व्हेल कंपनी जॉइन की थी। परिजनों का आरोप है कि कंपनी मालिक होतमसिंह पिता विमलसिंह निवासी सिद्धार्थ नगर, ठठीपुर मोरार (ग्वालियर) उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
आत्महत्या से पूर्व रजत ने अपनी बहन कल्याणी और दोस्त पराग को व्हाट्सएप मैसेज भेजा। इसमें उसने लिखा कि उसे वेतन नहीं दिया जा रहा है और कंपनी मालिक झूठे दिलासे देकर उसे परेशान कर रहा है। उसने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
पुलिस ने परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी कंपनी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और बयानों में कंपनी मालिक द्वारा प्रताड़ना और वेतन नहीं देने की बात सामने आई है। इसी आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Next Post

इंदौर की सड़कों पर अब नहीं लगेगा जाम, डीएम शिवम वर्मा ने इन 8 रास्तों के लिए लिया बड़ा फैसला

इंदौर। महानगर इंदौर में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी शिवम वर्मा (भाप्रसे) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस दौरान नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) यांगचेन भूटिया, डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी […]