भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन क्षेत्र में मामूली विवाद ने रविवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया।
‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करने पर आरोपियों ने 35 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
सोमवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुल सका।
इस दौरान परिजन का पुलिस से विवाद भी हुआ। परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठे रहे।
इधर, हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी के सामने भी मृतक के परिजन ने हंगामा किया था। यहां पुलिस बल तैनात किया गया है।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामूली विवाद में हत्या हुई है। तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। जबकि, मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।


