दतिया। मंगलवार सुबह जिले के सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर करीब 8:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी।
सुबह की शांत फिजा अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी और चौराहे पर मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कल्लू कुशवाहा रोज की तरह सुबह टहलने के लिए सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावर अचानक सामने आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए और क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अधिकारियो का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल सेवढ़ा चुंगी चौराहा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।


