भोपाल। शहर के अशोकागार्डन थाना इलाके में मामूली विवाद पर होटल मालिक की धारदार हथियार से हत्या कर फरार हुए मुख्य आरोपी आसिफ बम का पुलिस ने शहर के रातीबड़ इलाके में शॉर्ट एनकाउंटर कर दिया है।
बताया गया कि आरोपी और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी आसिफ बम के पैर में गोली मारकर शॉट एनकाउंटर किया है।
फिलहाल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि, दो दिन पहले तीन बदमाशों ने मिलकर मामूली विवाद में अशोका गार्डन क्षेत्र के प्रगति नगर इलाके में विजय मेवाड़ा नाम के होटल संचालक की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद से ही इलाके में तनाव के हालात हैं। बीते दो दिन से हिंदू संगठनों के साथ मिलकर स्थानीय लोग जगह-जगह धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सैकड़ों की तादाद में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को अशोका गार्डन थाने का घेराव कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ तभी से फरार था।
बता दे कि हत्या का आरोप भोपाल के कुख्यात बदमाश आसिफ बम और उसके दो साथियों पर है। बदमाशों ने विजय मेवाड़ा नाम के युवक की हत्या की है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी आसिफ बम पहले से ही फरार था। उस पर 30 हज़ार का इनाम घोषित किया गया था।
बुधवार को पुलिस को मिली सूचना पर संबंधित क्षेत्र में छापामारी कर आरोपी को दबोच लिया गया। इसी दौरान भागने की नीयत से उसने पुलिसकर्मी से ही बंदूक छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक गोली बदमाश के पैर में लगी। फिलहाल, आरोपी को अस्पताल ले जाया गया है।
हालात को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अस्पताल को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है।
पुलिस ने मरीजों के अलावा आम लोगों से लेकर मीडिया तक की अस्पताल में एंट्री प्रतिबंधित कर दी है।


