खंडवा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से रखे गए विस्फोटक पदार्थों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सिहाड़ा रोड स्थित एक बंद पड़े क्लब हाउस में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके से विस्फोटक पदार्थों से भरी एक बोलेरो पिकअप वाहन और एक स्कूटी सहित भारी मात्रा में सुतली बम व विस्फोटक बनाने की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने मौके पर तफ्तीश के बाद क्लब हाउस और स्कूटी के मालिक की पहचान कर ली है, जिनकी जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
पुलिस ने कुल 2000.95 किग्रा विस्फोटक सामग्री बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पत्रकारवार्ता में खंडवा डीआईजी मनोज कुमार रॉय ने बताया कि कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सम्यक गोल्ड कॉलोनी स्थित एक सुनसान परिसर, जहां पहले क्लब हाउस संचालित होता था, वहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जमा कर सुतली बम बनाए जा रहे हैं और उन्हें पिकअप वाहन में भरकर कहीं भेजने की तैयारी है।
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने सम्यक गोल्ड कॉलोनी में दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप, स्कूटी और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
कोतवाली पुलिस ने वाहन चालकों और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 और बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


