आईटी एक्सपर्ट ने सीसीटीवी कैमरे पर काला स्प्रे कर डेढ़ मिनट में एटीएम से चुराए 23 लाख रुपए

उज्जैन। जिले की खाचरौद पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम से करीब 23 लाख रुपये चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनका चोरी का तरीका असामान्य था।
आरोपियों में से एक ने आईटी में एमएससी किया है। उसने अपने इसी तकनीकी ज्ञान का दुरुपयोग कर एटीएम केबिन में लगी डिपाजिट मशीन में पासवर्ड डालकर केवल डेढ़ मिनट में रुपये चुरा लिए थे।
यह आरोपी एटीएम की तकनीकी टीम में भी शामिल है। उसने 26 जुलाई को एटीएम में नोट भरने के दौरान बैंक कर्मियों को पासवर्ड डालते देख लिया था। इसके बाद वह 28-29 जुलाई की मध्यरात्रि अपने साथी के साथ पहुंचा था। हेलमेट व रेनकोट पहनकर वह अंदर घुसा और सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे कर दिया। इसके बाद मात्र डेढ़ मिनट में उसने मशीन खोली और रुपये निकालकर दोस्त के साथ चंपत हो गया।
पुलिस विवेचना में पता चला कि 28-29 जुलाई की मध्य रात्रि लगभग एक से दो बजे के बीच एक बाइक पर दो लोग आए थे। दोनों ने काले रंग का हेलमेट व रेनकोट पहन रखा था। एक बदमाश ई-गैलरी के बाहर खड़ा होकर नजर रख रहा था, तो दूसरा अंदर चला गया। उसने ई-गैलरी के सारे कैमरों को काले रंग से स्प्रे कर मशीन से 23 लाख रुपये चुराए तथा मशीन में लगी वे चार कैसेट ले गया, जिनमें रुपये रखे रहते हैं।
इतनी तेजी से मशीन खोले जाने पर पुलिस को शंका हुई कि वारदात में कोई जानकार ही शामिल है।
इस पर पुलिस ने मशीन से जुड़े सभी कर्मचारियों की जानकारी खंगाली, तो पता चला कि मशीन की तकनीकी टीम से जुड़ा रितुराज सिंह पंवार 26 जुलाई को बैंक अधिकारियों के साथ ई-गैलरी में आया था। संदेह होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कढ़ाई से पूछताछ में उसने अपने साथी शुभम पिता अर्जुन जोशी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
दोनों ने चोरी किए गए रुपये नलखेड़ा (जिला आगर) में अपने रिश्तेदार के यहां रखना बताया। पुलिस ने रुपये व बाइक जब्त कर ली।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने जानकारी देते बताया कि सोमवार को बैंक ऑफ इंडिया खाचरौद के शाखा प्रबंधक नीलकमल ने शिकायत की थी कि बैंक डिपाजिट मशीन के अंदर पासवर्ड वाला दरवाजा खोलकर अज्ञात चोर चार कैसेट एवं करीब 23 लाख रुपये चुरा ले गए।

 

Next Post

एमपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से होंगी, बोर्ड ने किया टाइम टेबल जारी

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं अगले वर्ष 25 फरवरी से प्रारम्भ होकर 19 मार्च तक चलेंगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मंगलवार को टाइम टेबल टाइम जारी कर दिया है। दोनों परीक्षाओं में 18 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह नौ से […]