इटारसी। रेलवे परिसर में मामूली बात को लेकर 12 बंगला निवासी एक सिरफिरे युवक और एक नाबालिग का विवाद हो गया, इस विवाद में युवक ने किशोर को चाकुओं से गोद दिया। पेट में चाकुओं के गहरे घाव आने से किशोर की आंतें बाहर आ गईं, देर रात गंभीर हालत में उसे भोपाल रेफर किया गया है। जख्मी किशोर की हालत नाजुक बताई गई है। हमीदिया अस्पताल भोपाल में उसका इलाज चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
रात में हुए इस विवाद की वजह भी बड़ी रोचक है।
जीआरपी थाना प्रभारी राम स्नेही चौहान ने बताया कि 12 बंगला निवासी युवक संजय उर्फ समाधान रात में शराब पीकर रेलवे परिसर में घूम रहा था। गुमठियों के पीछे यात्री प्रतीक्षालय के पास वह जोर-जोर से रो रहा था, वजह यह थी कि पुरानी इटारसी निवासी उसकी पत्नी पिछले एक माह से पति से नाराज होकर मायके में थी, शुक्रवार को उसका जन्मदिन था, पत्नी के वियोग में संजय ने जमकर शराब पी रखी थी, वह यहां पत्नी का नाम लेकर रो रहा था। तभी यहां खड़े नदी मोहल्ला मालवीय गंज निवासी किशोर सूरज पिता सालिगराम कीर एवं उसके साथ एक अन्य युवक ने संजय को झिड़कते हुए कहा कि यहां क्यों रो रहा है, संजय ने कहा कि उसकी पत्नी रूठकर मायके चली गई है।
आज उसका जन्मदिन है, इस बात पर वह रो रहा था, सूरज एवं उसके साथियों ने कहा कि यहां क्यों रो रहा है, कहीं दूर चले जा, इस बात पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद में सूरज एवं उसके साथियों ने पहले संजय को तीन चार थप्पड़ मार दिए, विवाद इतना बढ़ गया कि थोड़ी दूर जाकर संजय अपने हाथ में चाकू लेकर आ गया, वह तैश में आकर सूरज पर झूम गया, उसके पेट पर उसने चाकू से कई बार किए, जिसमें सूरज के पेट में गंभीर चोट पहुंची है, उसकी आंतें बाहर आने से देर रात उसे भोपाल रेफर किया गया।
पुलिस ने संजय उर्फ समाधान पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सूरज के पिता स्टेशन रोड की एक चाय दुकान पर काम करते हैं, उनके बेटे पर दुकान के पिछले हिस्से में ही जानलेवा हमला किया गया।


