किन्नर की मौत पर बवाल, मोतीनगर थाने का किया घेराव

DR. SUMIT SENDRAM

सागर। जिले में एक किन्नर की आत्महत्या के बाद धर्मांतरण तथा प्रताड़ना के गंभीर आरोपों को लेकर हिंदू संगठनों और किन्नर समाज के एक पक्ष ने मोतीनगर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि किन्नर गुरु ने जबरन धर्म परिवर्तन और गौ-मांस खाने का दबाव बनाया, जिससे तंग आकर पीड़ित ने जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक मृतक किन्नर की मौत सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले में हुई है।
घटना की खबर लगते ही सागर में किन्नर रानी ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे। रानी ठाकुर ने किन्नर गुरु किरण नायक उर्फ कलीम खान पर सीधा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले में हस्तक्षेप करते हुए बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा है।
बजरंग दल के नेता बिट्टू पांडे और समाजसेवी मिश्रीचंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर के लोग श्रद्धा से किन्नरों को दान देते हैं लेकिन उस पैसे का इस्तेमाल मस्जिद बनवाने और बकरे खरीदने में किया जा रहा है।
उन्होंने इसे एक बड़े धर्मांतरण सिंडिकेट का हिस्सा बताया है।
किन्नर रानी ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरा साथी इतना कमजोर नहीं था कि आत्महत्या कर ले। उसे धर्मांतरण के लिए मजबूर किया गया और प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि वीडियो और कॉल से यह प्रतीत होता है कि उसे मारकर लटकाया गया है। हमने पुलिस को पहले भी शिकायत की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मोतीनगर थाना प्रभारी ने शिकायत दर्ज कर ली है। चूंकि मामला दो जिलों से जुड़ा है, इसलिए पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स और वायरल वीडियो की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

इवेंट की आड़ पर ड्रग सप्लाई मामले में दो महिला सहित मास्टरमाइंड हुआ गिरफ्तार

इंदौर। महानगर की कनाड़िया पुलिस ने ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो हाईप्रोफाइल पार्टियों में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करता था। गिरोह का संचालक इवेंट कंपनी संचालित करता है और पब, रेस्त्रां, बार और फार्म हाऊस में होने वाली पार्टियों में लड़कियों के माध्यम से ड्रग्स की सप्लाई करता […]