मरिया। जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में फिर एक बार एक ग्रामीण बाघ के हमले का शिकार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र मानपुर अंतर्गत बड़खेरा बीट के जूड़नहार आरएफ 334 वन क्षेत्र में हुई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जंगल में लड़की लेने गए अधेड़ व्यक्ति भिखारी कुशवाहा पिता शुभकरण कुशवाह उम्र लगभग 54 वर्ष पर बाघ ने हमला कर दिया है। बाघ के हमले से अधेड़ व्यक्ति भिखारी कुशवाहा बुरी तरह घायल हो गया है।
बताया गया है कि जिस समय भिखारी कुशवाहा पर बाघ ने हमला किया कुछ दूरी पर कई अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने जब देखा कि भिखारी कुशवाहा पर बाघ हमला कर रहा है तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिय जिससे बाघ वहां से भाग गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बीट गार्ड को दी और फिर यह जानकारी अधिकारियों तक पहुंची। जानकारी मिलने के बाद घायल भिखारी कुशवाहा को वन अमले की मदद से तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
भिखारी कुशवाहा को रिफर करने के बाद जब एंबुलेंस को बुलाया गया तो पता चला कि मौके पर 108 या अन्य कोई वाहन नहीं है। वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल भिखारी कुशवाहा को काफी देर तक मानपुर अस्पताल में ही रखा गया।
वाहन आने के बाद उन्हें उमरिया जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया। वहीं, घायल के परिजन को वन विभाग के उप वनक्षेत्रपाल (बड़खेरा बीट) ने तात्कालिक सहायता के रूप में 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।


