भोपाल। बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए एक दिलचस्प टिप्पणी भी की है।
तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के पास जमीन पर बैठे नजर आते हैं।
दिग्विजय सिंह ने कैप्शन में लिखा कि आरएसएस का जमीनी स्वयंसेवक और भाजपा का कार्यकर्ता नीचे बैठकर मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बना, और यही संगठन की ताकत को दर्शाता है।
इस पोस्ट के जरिए दिग्विजय सिंह ने भाजपा और उसके वैचारिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठनात्मक ढांचे की तारीफ की है।
उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश किया है कि किस तरह जमीनी स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता आगे बढ़कर बड़े संवैधानिक पदों तक पहुंच सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि यह तस्वीर उन्हें क्वोरा पर मिली थी। स्क्रीनशॉट में गुजरात में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आडवाणी के पास बैठे युवा नरेंद्र मोदी दिखाई दे रहे हैं।
दिग्विजय सिंह के मुताबिक यह तस्वीर संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं के विकास की कहानी बयां करती है।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि यह तस्वीर उन्हें क्वोरा साइट पर मिली और यह बेहद प्रभावशाली लगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह आरएसएस और भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता आगे चलकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनते हैं, यही संगठन की असली शक्ति है।
दिग्विजय सिंह द्वारा साझा की गई यह तस्वीर 1990 के दशक की मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह फोटो वर्ष 1996 में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ली गई थी, जहां उस समय के कई शीर्ष भाजपा नेता मौजूद थे।


