होटल के कमरे में प्रेमी युगल का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

रीवा। जिले में गुरुवार शाम एक होटल के कमरे में प्रेमी युगल के शव मिले हैं। कमरे से तंदूरी रोटी, बियर और शराब की बोतलें मिली हैं। इसके साथ ही जहर (पॉइजन) भी बरामद किया गया है।
मामला समान थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड का है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान रवि साकेत (25) और काजल उर्फ बिट्टी साकेत (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध था।
परिजन प्रमोद साकेत ने बताया कि काजल घर से शॉपिंग का कहकर निकली थी। उनके साथ अतुल साकेत नाम का एक युवक भी था, जो बाद में उन्हें होटल में छोड़कर वापस लौट गया था।
होटल अम्पायर में लिए गए कमरे का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला तो स्टाफ को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची समान थाना पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों मृत अवस्था में मिले।
समान थाना प्रभारी के अनुसार दोनों प्रेमी युगल थे। होटल में कमरा लिया था। दोनों के शव बरामद किए गए हैं। पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत की आशंका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।