दिल्ली में तबाही का प्लान हुआ फेल, ब्लास्ट से पहले पकड़े गए दो फिदायीन, चौंकाने वाला कनेक्शन का हुआ खुलासा

ग्वालियर। सोशल मीडिया पर बंदूक की हनक दिखाने व रील बनाकर रंगबाजी करने का शौक ग्वालियर के दो युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों की तरफ ले गया।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने डबरा के इन रीलबाजों को अपना शूटर बनाकर भारत में आतंक फैलाने का जिम्मा सौंपा था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन में इस खतरनाक मॉडयूल का खुलासा हुआ है।
पकड़े गए युवकों ने जो खुलासे किए हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
पाकिस्तान एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम करने वाला भट्टी गैंग अब सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं का ब्रेनवाश कर उन्हें हाइब्रिड शूटर बना रहा है। वहीं इनका मिशन था दिल्ली के एक होटल में फायरिंग और ग्रेनेड से हमला करने का, जिसे स्पेशल सेल ने नाकाम कर दिया।
डबरा निवासी विवेक बंजारा (19) एवं करहिया निवासी राजवीर सिंह (21) को गिरफ्तार किया गया है।
राजवीर को हथियारों के साथ रील बनाने का चस्का था। उसकी यही रील भट्टी गैंग की नजर में आ गई। पिछले महीने फेसबुक पर राणा भाई नामक व्यक्ति ने राजवीर से संपर्क किया।
उसने पाकिस्तान के शहजाद भट्टी की लक्जरी लाइफ और गैंग के दबदबे के वीडियो दिखाकर राजवीर को उकसाया।
उसे ऑफर दिया गया, हमारे लिए काम करो, खूब पैसा मिलेगा और काम खत्म होते ही तुम्हें हमेशा के लिए कनाडा शिफ्ट कर देंगे।
राजवीर को डील के तहत 9 अप्रेल को अहमदाबाद भेजा गया, जहां भट्टी ने उसके रुकने का इंतजाम किया और 5 हजार रुपये खर्च दिए। वहां उसे एक पिस्टल और 20 राउंड दिए गए।
इसके बाद राजवीर ने अपने दोस्त विवेक को भी साथ मिला लिया।
भट्टी के इशारे पर दोनों जीरकपुर (मोहाली) पहुंचे, जहां उन्हें एक आईटी कंपनी के मालिक पर फायरिंग करनी थी, जिससे एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी।
हालांकि, पिस्टल खराब होने के कारण गोली नहीं चली, लेकिन उन्होंने अपनी मौजूदगी का वीडियो बनाकर भट्टी को भेज दिया। वहां से लौटते समय अमृतसर के पास उन्हें एक और पिस्टल और 6 राउंड थमाए गए।
खुफिया एजेंसियों के सर्विलांस में आए इन दोनों शूटरों को दिल्ली के एक होटल पर फायरिंग और संभवतः ग्रेनेड हमले का फरमान मिला था। लेकिन इससे पहले कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देते, दिल्ली पुलिस ने सराय काले खां से राजवीर को दबोच लिया। उसका साथी विवेक भागकर डबरा आ गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर यहां से गिरफ्तार किया।
बता दे कि शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात अंतरराष्ट्रीय अपराधी है, जो वर्तमान में दुबई और पाकिस्तान से अपना अंडरवर्ल्ड साम्राज्य चला रहा है। वह पाकिस्तान के बड़े डॉन फारूक खोकर का राइट हैंड माना जाता है। भट्टी के सीधे संबंध आईएसआई से हैं और वह भारत में ‘टैरर फंडिंग’ और टारगेट किलिंग के लिए सोशल मीडिया से युवाओं की भर्ती कर रहा है।

 

Next Post

व्यापारी से हर महीने 10 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था वनरक्षक, लोकायुक्त ने रिश्वत लेते रंगेहाथों किया गिरफ्तार

टीकमगढ़। जिले में गुरुवार को लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते हुए एक वन रक्षक को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोर वन रक्षक उत्तर प्रदेश के ललितपुर के रहने वाले एक लकड़ी के व्यापारी से रिश्वत के तौर पर हर महीने 10 हजार रुपये की मांग […]