खंडवा। 45 वर्षीय महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात पुलिस आरोपियों को लेकर गांव में भी पहुंची, लेकिन घटना से संबंधित कोई साक्ष्य पुलिस को हाथ नहीं लगे। पुलिस आरोपियों को लेकर दोबारा गांव में पहुंच सकती है।
सोमवार सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों को हरसूद कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों की रिमांड की मांग की।
अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजेश रघुवंशी ने कहा कि मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा। पुलिस तय समय सीमा में मामले को कोर्ट में निपटाएगी। वहीं, पुलिस अपराध को रेयरेस्ट ऑफ रेयर की श्रेणी में रखेगी और अपराधियों के लिए सजा-ए-मौत की मांग करेगी।
इधर, ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है। मामले को लेकर ग्रामीण एकजुट होकर बैठकें भी कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए।
वहीं, घटना को लेकर कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गांव में पहुंच रहे हैं। गैंग रेप मामले को लेकर कांग्रेस ने एक जांच कमेटी बनाई है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस की ये जांच कमेटी गांव में जाकर मामले की जांच करेगी। कमेटी में कांग्रेस नेत्री, शोभा ओझा, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ एवं भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी को सदस्य बनाया गया है।
गौरतलब है कि विगत शुक्रवार को एक 45 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसमें महिला की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को महिला के पेट की आंतें बाहर मिली हैं। इसके अलावा शरीर पर गंभीर चोटें के निशान भी मिले थे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा।


