उज्जैन। पुलिस आरक्षक को चाकू मारने वाले दो आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर कर पुलिस ने दबोच लिया है।
शनिवार सुबह आरोपियों ने नीलगंगा थाना प्रभारी पर ही गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और गोली आरोपी के पैर में लगी। वहीं, दूसरा साथी को भी भागने के दौरान पुलिस के गिरफ्त में आ गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महेश लोधी और राहुल खटीक है जो रतलाम के रहने वाले हैं। वहीं, महिदपुर का रहने वाला तीसरा आरोपी शिवा फरार है।
बता दे कि माधव नगर थाने के आरक्षक अजय जाटव और विक्रम गुरुवार रात फ्रीगंज क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थे। इस दौरान एसएस अस्पताल की गली के पास बाइक सवार तीन लोग वारदात करने फिराक थे और पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस ने एक बदमाश महेश लोधी को पकड़ लिया। बाकी दो भाग गए। पूछताछ के दौरान महेश ने आरक्षक अजय जाटव के पेट में चाकू मारकर बाद भाग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरक्षक अजय जाटव को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली कि आरोपी सांवरा खेड़ी में आए हैं। इसके बाद माधव नगर एवं नीलगंगा थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा गया। मौके पर पहुंचे नीलगंगा थाना प्रभारी विवेक कनाड़िया पर आरोपी महेश लोधी ने फायर कर दिया। इस पर जवाबी कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कनाड़िया ने भी महेश के पैर में गोली मार दी। दूसरा आरोपी राहुल खटीक भी भागने के दौरान घायल हो गया। आरोपी महेश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों पर 30-30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अब यह इनाम दोनों थानों की पुलिस टीम को दिया जाएगा। अन्य आरोपी शिवा को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तीनों पर पहले से लूट के मामले भी दर्ज हैं। आरोपियो के कब्जे से एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किया गया हैं।


