जंगल में भैंस की तलाश में गए 85 वर्षीय बुजुर्ग के ऊपर तेंदुए ने किया हमला, लाठी से भरपूर वार कर बुजुर्ग ने तेंदुए को खदेड़ा, बुजुर्ग के बहादुरी के आगे हारा तेंदुआ

DR. SUMIT SENDRAM

पन्ना। जिले के दक्षिण वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र स्थित चोपरा बीट के नारदपुर गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग अपनी जान बचाने के लिए वयस्क तेंदुए से भिड़ गया। उसने तेंदुए की पीठ पर लाठी से भरपूर वार कर उसे खदेड़ दिया।
इस मुठभेड़ में बुजुर्ग के भी हाथ और गर्दन पर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र पवई ले जाया गया, जहाँ से उन्हें गहन उपचार के लिए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया है।
बताया गया कि नारदपुर में रहने वाले अर्जुन सिंह (85) की भैंस सोमवार से गायब थी। उसे ढूंढ़ने के लिए अर्जुन सिंह मंगलवार की दोपहर गांव से लगे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक वयस्क तेंदुए से हो गया।
जंगल में अचानक सामने आए तेंदुए ने अर्जुन सिंह पर झपट्टा मारा और उनकी गर्दन को अपने जबड़े में दबोचने का प्रयास किया। अर्जुन सिंह ने फुर्ती दिखाते हुए न केवल अपनी गर्दन को बचा लिया, बल्कि बिजली सी तेजी दिखाते हुए अपने एक हाथ से तेंदुए का कान जकड़ लिया और दूसरे हाथ में मौजूद लाठी से उसकी पीठ पर वार करना शुरू कर दिया।
संघर्ष के दौरान अर्जुन सिंह बचाव के लिए जोर-जोर से आवाज भी लगा रहे थे।
85 वर्षीय बुजुर्ग की इस हिम्मत और चंद पलों की जबरदस्त मुठभेड़ के बाद तेंदुआ खुद को छुड़ाकर वापस जंगल की ओर भाग गया।

 

Next Post

घूरने के विवाद में पड़ोसी ने बरसाईं गोलियां, सेल्समैन की मौत, पत्नी और दो बेटे घायल

ग्वालियर। जिले के मुरार अंतर्गत खुरेरी गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां पड़ोसी ने सनक में आकर सेल्समैन और उसके परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में सेल्समैन रमेश कुशवाह की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे गंभीर रूप से […]