लाल पोटली में मिला मासूम का कंकाल, गांव में सनसनी, तंत्र-मंत्र की आशंका से सहमे ग्रामीण

DR. SUMIT SENDRAM

सीधी। जिले के भुईमाड़ थाना अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में एक दिल दहला देने वाली और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। गांव के बाहर बांस के पेड़ पर लाल कपड़े की एक पोटली में मासूम बच्चे का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र और जादू-टोने की आशंका को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
ग्रामीण सत्य प्रकाश बैगा के मुताबिक रविवार सुबह कुछ लोगों की नजर बांस के पेड़ पर टंगी लाल पोटली पर पड़ी, जो संदिग्ध लग रही थी। जब ग्रामीणों ने उसे खोलकर देखा तो उसमें छोटे बच्चे का कंकाल मिला। यह दृश्य देखते ही पूरे गांव में भय और अफरा-तफरी का माहौल फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कंकाल संभवतः उसी बच्चे का हो सकता है जिसकी कुछ समय पहले मृत्यु हुई थी और जिसे गांव में ही दफनाया गया था। जब लोग उस स्थान पर पहुंचे जहां बच्चे को दफनाया गया था, तो वहां खुदाई के निशान और गड्ढा मिला। इससे आशंका और गहरा गई कि किसी ने शव को कब्र से निकालकर तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही भुईमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान रायभान सिंह ने पुलिस को बताया कि यह पोटली किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर में रखी गई थी, जिसे डर के कारण उन्होंने घर से हटाकर बांस के पेड़ पर टांग दिया।
थाना प्रभारी डीडी सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। कब्र स्थल पर खुदाई के निशान मिले हैं और सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है। पुलिस ने कहा है कि तथ्य सामने आने के बाद सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणो के द्वारा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई हैं।

 

Next Post

ढाबा कर्मचारी से लूट, नगदी और बाइक छीनकर ढाबा कर्मचारी को कुएं में फेंका

इंदौर। जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र में बदमाशों द्वारा युवक के साथ लूट और हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ढाबे से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे एक कर्मचारी को रास्ते में तीन बदमाशों ने पहले लूटा, फिर उसे जान से मारने की नीयत से कुएं […]