उमरिया। जिले के चंदिया वन परिक्षेत्र के सलैया गांव के जंगल में अवैध रेत खनन रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफिया ने हमला कर दिया।
बताया गया कि माफियाओं ने वनकर्मियों को ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया।
घटना सोमवार शाम की है।
वन विभाग को पनिया नाला क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद उड़न दस्ते के साथ टीम मौके पर पहुंची।
वन विभाग टीम को जंगल से रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलते दिखाई दिए। वनकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालकों ने ट्रैक्टरों की रफ्तार बढ़ाकर वन अमले की ओर मोड़ दिए। इससे वनकर्मियों को कुचलने की कोशिश की गई।
इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।
हालांकि, वन विभाग ने एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया।
घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है। विभाग ने अवैध रेत खनन की बढ़ती घटनाओं और माफियाओं के आक्रामक रवैये को देखते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है।

